समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के आधार पर खनिज विभाग ने की जांच, डोड़काचौरा में अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला पकड़ाया। जशपुरनगर, 19 नवंबर 2026। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में समाचार पत्रों में प्रकाशित अवैध खनन से संबंधित खबरों को संज्ञान में लेकर विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान ग्राम डोड़काचौरा में अवैध मुरूम उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया, जहां एक जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त किया गया। प्रकरण में कुल 61,984 रुपये की अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा कराई गई है। प्रकाशित खबरों के आधार पर हुई जांच खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को प्रकाशित समाचार में ग्राम कोबडो पहाड़ में जेसीबी से अवैध खुदाई कर प्रतिदिन करीब 50 ट्रैक्टर मुरूम निकालने का मामला सामने आया था। इस खबर के आधार पर विभागीय टीम ने 31 अगस्त 2026 को ग्राम सरूडीह में जांच की। हालांकि, जांच के दौरान मौके पर जेसीबी से खुदाई या मुरूम का परिवहन होते हुए नहीं पाया गया। इसी तरह 11 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित एक अन्य खबर में टिले से मुरूम निकालकर जमीन समतल करने और बीच से पोल नहीं निकालने का मामला उठाया गया था। इस संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को ग्राम गुटरे, ग्राम पंचायत कनमोरा, चांपाटोली और राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे जांच की गई। यहां भी निरीक्षण के दौरान मुरूम का अवैध उत्खनन होते हुए नहीं पाया गया। डोड़काचौरा में जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त खनिज विभाग की टीम ने 3 नवंबर 2026 को तहसील जशपुर के ग्राम डोड़काचौरा में जांच के दौरान अवैध मुरूम उत्खनन और परिवहन का मामला पकड़ा। कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन क्रमांक OD23S9343 तथा मुरूम का अवैध परिवहन कर रहे महिंद्रा 415 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद संबंधित प्रकरण में कुल 61,984 रुपये की अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा कराई गई। अवैध खनन पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अनधिकृत उपयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। Jashpur.news | जशपुर की हर जरूरी खबर, सबसे पहले। Post navigation जशपुर कॉलेज में खाद्य मिलावट पर जागरूकता कार्यक्रम, 185 लोगों को सिखाए जांच के तरीके हस्तिनापुर में NSS शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, गीत-नृत्य और नाटक से जीता दिल