मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026 के तहत प्रचार वाहन रवाना, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व की दी जाएगी जानकारी।

जशपुरनगर, 23 नवंबर 2026। जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026 के तहत जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के माध्यम से 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को HPV टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे।

प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

अभियान के शुभारंभ अवसर पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला जशपुर में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इंदवार ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

माइकिंग के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी टीकाकरण की जानकारी

अभियान के तहत माइकिंग और सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से लोगों को HPV टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया जाएगा।

प्रचार वाहन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव, HPV टीकाकरण और 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण से जुड़ी जानकारी प्रसारित करेगा।

इसके माध्यम से अभिभावकों और आम नागरिकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से न रहे वंचित

मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026 का प्रमुख उद्देश्य जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जागरूकता के अभाव में कोई भी पात्र बालिका इस अभियान से वंचित न रहे।

अभियान के माध्यम से लोगों को HPV टीकाकरण के महत्व की जानकारी देकर बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

हमारा संकल्प – हर पात्र बेटी तक पहुंच, सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का संकल्प।

Jashpur.news | जशपुर की हर जरूरी खबर, सबसे पहले।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *