जशपुर, 19 नवंबर 2026। खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट और उससे होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय आरबीआरएनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 185 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के आसान तरीके बताए। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान, कुंडली, हरियाणा (NIFTEM-K) की 19 सदस्यीय टीम द्वारा आयोजित नौ दिवसीय ग्राम गोद कार्यक्रम (Village Adoption Programme) के तहत किया जा रहा है। टीम का नेतृत्व प्रो. प्रसन्न कुमार जी.वी. और डॉ. अभिमन्यु गौर कर रहे हैं। कलेक्टर के सहयोग से हो रहा आयोजन कार्यक्रम के तहत संस्थान की टीम ने जशपुर पहुंचकर शासकीय आरबीआरएनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र तथा विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों से मुलाकात की। इस दौरान जिले में खाद्य सुरक्षा, जागरूकता और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। यह पहल कलेक्टर श्री रोहित व्यास के सहयोग से संचालित की जा रही है। दूध, घी, तेल और मसालों में मिलावट पहचानने का दिया प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘खाद्य मिलावट : जागरूकता एवं जांच के तरीके’ रखा गया था। इसमें प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि साधारण रासायनिक परीक्षणों और प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करना भी सिखाया गया। विशेषज्ञों ने आटा, दाल और बेसन में होने वाली मिलावट के साथ दूध में स्टार्च, डिटर्जेंट, यूरिया एवं न्यूट्रलाइजर की जांच के तरीके बताए। इसके अलावा पनीर, घी, शहद और खाद्य तेल में मिलावट के सामान्य संकेतों की जानकारी दी गई। हल्दी एवं मिर्च पाउडर में कृत्रिम रंग और मेटानिल येलो की पहचान, सरसों के तेल में आर्जीमोन ऑयल की मिलावट तथा सब्जियों में मिलावट के सामान्य तरीकों को भी प्रदर्शन के जरिए समझाया गया। प्रतिभागियों को नमूने तैयार करने, रसायनों के सुरक्षित उपयोग और घर पर किए जा सकने वाले प्रारंभिक परीक्षणों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि घरेलू जांच से केवल मिलावट के शुरुआती संकेत मिलते हैं। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की अंतिम पुष्टि के लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में परीक्षण कराना आवश्यक है। मिलावटी भोजन से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा कार्यक्रम के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों पर भी विशेष चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि लंबे समय तक मिलावटी भोजन का सेवन करने से पेट, लीवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसका बच्चों के शारीरिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि पर ध्यान देने और सुरक्षित भोजन का चयन करने की अपील की। मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण पर भी होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम नौ दिवसीय ग्राम गोद कार्यक्रम के आगामी चरणों में टीम द्वारा मिलेट्स एवं मिलेट आधारित उत्पादों, महुआ के स्वास्थ्यवर्धक गुणों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमिता, प्रशिक्षण एवं लाइसेंसिंग तथा खाद्य सुरक्षा को लेकर विभिन्न जागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। टीम कुनकुरी क्षेत्र का भी दौरा करेगी। यहां किसानों और स्थानीय प्रतिभागियों को बेकरी उत्पाद तैयार करने तथा खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग और मूल्य संवर्धन करना, ग्रामीण युवाओं एवं किसानों के कौशल को विकसित करना तथा स्वरोजगार और खाद्य आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है। प्राध्यापक और विद्यार्थी रहे उपस्थित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र, डॉ. सरिता निकुंज, डॉ. जे. तिर्की, डी. आर. राठिया, सुश्री एलिन एक्का सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जशपुर से जनहित की खबरें पढ़ने के लिए जुड़े रहें – Jashpur.news NIFTEM कुंडली की 19 सदस्यीय टीम ने दूध, घी, तेल, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी जोर। Post navigation जशपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विभागीय योजनाओं का लिया जायजा जशपुर में अवैध मुरूम खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त; 61,984 रुपये वसूले