जशपुर के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा, CM विष्णुदेव साय ने 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट का किया शुभारंभ

जशपुरनगर। जिले के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया।

विश्राम गृह परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इन मोबाइल मेडिकल यूनिट को शुरू किया। इन वाहनों के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों में आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हाट-बाजारों में मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

जशपुर जिला भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत और वनांचल क्षेत्र वाला जिला है। यहां कई ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों को छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए भी काफी दूर जाना पड़ता है।

ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत ग्रामीणों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। अब इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं लोगों के नजदीक पहुंचेंगी। विशेष रूप से जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेषकर जनजातीय बहुल और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी नागरिक को इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे लोगों का समय और इलाज के लिए आने-जाने में होने वाला खर्च भी कम होगा।

रेडक्रॉस सोसायटी की पहल से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और जरूरतमंद लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Jashpur.News | जशपुर की हर खबर, सबसे पहले।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *