रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून और कयाकिंग जैसे एडवेंचर खेल होंगे मुख्य आकर्षण, जनजातीय कला, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों को भी मिलेगा बड़ा मंच। जशपुरनगर, 22 नवंबर 2026। प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिले में जशपुर जम्बूरी 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन को यादगार और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जम्बूरी में रोमांचक खेलों, प्रकृति भ्रमण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय खानपान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से देशभर के युवाओं, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को जशपुर की खूबसूरत वादियों, पहाड़ों, झरनों और जनजातीय परंपराओं से परिचित कराने की योजना है। रॉक क्लाइंबिंग से हॉट एयर बैलून तक मिलेगा रोमांच जशपुर जम्बूरी में युवाओं और पर्यटकों के आकर्षण के लिए कई साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून और विभिन्न एडवेंचर गेम्स शामिल हैं। इसके अलावा कयाकिंग और बोटिंग जैसी जल क्रीड़ा गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को रोमांचक अनुभव मिलेगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य जशपुर को साहसिक पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाना है। ट्रेकिंग और नेचर वॉक से करीब से देखेंगे जशपुर की खूबसूरती जम्बूरी में प्राकृतिक पर्यटन को विशेष महत्व दिया जाएगा। इसके तहत ट्रेकिंग, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतिभागियों को जशपुर की हरी-भरी वादियों, पहाड़ी क्षेत्रों और वन संपदा को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही साइकिलिंग, तीरंदाजी, रस्साकशी और पारंपरिक ग्रामीण खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। जनजातीय कला, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजन होंगे खास आकर्षण जशपुर जम्बूरी में जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को विशेष स्थान दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर स्थानीय जनजातीय कला, बांस शिल्प, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। छत्तीसगढ़ी एवं जनजातीय पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां पर्यटक स्थानीय खानपान का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा टेंट कैंपिंग, बोनफायर और सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रकृति के बीच मनोरंजन के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। स्थानीय युवाओं और महिला समूहों को मिलेगा रोजगार का अवसर जशपुर जम्बूरी 2026 केवल पर्यटन आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस आयोजन से स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्प कलाकारों और छोटे व्यवसायियों को अपनी सेवाओं एवं उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। स्थानीय खानपान, हस्तशिल्प और पर्यटन सेवाओं को व्यापक मंच मिलने से जिले की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मयाली और देशदेखा जैसे पर्यटन स्थलों को मिलेगी पहचान प्राकृतिक सुंदरता, झरनों, पहाड़ों, वन संपदा और जनजातीय परंपराओं से समृद्ध जशपुर जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। जशपुर जम्बूरी के माध्यम से मयाली, देशदेखा सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करना है। जशपुर जम्बूरी 2026 को प्रकृति, रोमांच, खेल और जनजातीय संस्कृति के संगम के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इससे जशपुर को पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक अवसरों के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। Jashpur.news | जशपुर की हर जरूरी खबर, सबसे पहले। Post navigation जशपुर में HPV टीकाकरण जागरूकता अभियान शुरू, 14 साल की बालिकाओं को किया जाएगा जागरूक बगिया कैम्प कार्यालय में CM विष्णुदेव साय ने सुनी लोगों की समस्याएं, निराकरण का मांगा भरोसा